लखनऊ– प्रदेश के मुखिया मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के विधायक अंकुर राज तिवारी ने शिष्टाचार भेंट कर अपने क्षेत्र के विकास को लेकर गहन मंथन किया। इस महत्वपूर्ण मुलाकात के दौरान विधायक ने खलीलाबाद के चहुंमुखी विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं और मुद्दे मुख्यमंत्री के समक्ष रखे जिन पर सकारात्मक चर्चा हुई।
बाबा तामेश्वरनाथ धाम का होगा कायाकल्प- विधायक अंकुर राज तिवारी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए उनका ध्यान बाबा तामेश्वरनाथ धाम की तरफ दिलाया। उन्होंने CM के सामने बाबा तामेश्वरनाथ धाम को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित करने का महत्वाकांक्षी प्रस्ताव (मास्टर प्लान)प्रस्तुत किया। उनका मानना है कि इस पहल से न केवल क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि इससे स्थानीय संस्कृति और अर्थव्यवस्था को भी नई गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने इस योजना पर गंभीरता से विचार करने का आश्वासन दिया, जिससे यह उम्मीद जगी है कि जल्द ही बाबा तामेश्वरनाथ धाम एक प्रमुख धार्मिक और पर्यटन स्थल के रूप में उभरेगा।

सड़कों का जाल और सेमरियावां का संपूर्ण विकास- बैठक में खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के कायाकल्प और नई सड़कों के निर्माण पर भी विस्तार से चर्चा हुई। विधायक अंकुर राज तिवारी ने मजबूत और सुगम सड़क नेटवर्क की आवश्यकता पर जोर दिया, जिसे उन्होंने विकास की धुरी बताया। साथ ही, उन्होंने सेमरियावां ब्लॉक क्षेत्र के संपूर्ण विकास के लिए एक व्यापक रणनीति पर भी बात की, जिसमें शिक्षा, स्वास्थ्य और बुनियादी ढांचे को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दिया गया।
स्वास्थ्य और औद्योगिक क्षेत्र में सुधार- विधायक ने स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार की जरूरत को भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने बेहतर चिकित्सा सुविधाओं तक आम जनता की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए अतिरिक्त संसाधनों और सुविधाओं की मांग की। इसके अलावा, उन्होंने औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर की आवश्यकता पर भी जोर दिया, जिससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा हो सकें और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिल सके।
सुशासन और जवाबदेही पर बल – विधायक अंकुर राज तिवारी ने मुख्यमंत्री के समक्ष पार्टी के भीतरघात करने वाले तत्वों और गैर-जिम्मेदार अधिकारियों के संबंध में भी अपनी बात रखी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इन विषयों पर गंभीरता से संज्ञान लेने और आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया, जिससे सुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित की जा सके। यह कदम क्षेत्र में पारदर्शिता और बेहतर प्रशासन की दिशा में एक सकारात्मक संकेत है।
पूरे मामले पर विधायक अंकुर राज तिवारी ने कहा कि आदरणीय मुख्यमंत्री जी से यह मुलाकात निश्चित रूप से खलीलाबाद विधानसभा क्षेत्र के लिए एक नए युग की शुरुआत का संकेत है, जहां विकास और समृद्धि को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। विधायक ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मेरे द्वारा प्रस्तुत किए गए सभी मुद्दों को ध्यानपूर्वक सुना और खलीलाबाद के विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।