संतकबीरनगर की धरती आज उस पल की गवाह बनी जब तामेश्वरनाथ धाम के अखाड़े में दंगल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। यह आयोजन पूर्व जिला पंचायत सदस्य ब्रह्मशंकर भारती की अगुआई में हुआ जिसका उद्घाटन जिले की चर्चित हस्ती वरिष्ठ समाजसेवी तथा सूर्या ग्रुप ऑफ कॉलेज के चेयरमैन डॉ उदय प्रताप चतुर्वेदी ने किया। इस दौरान डॉ उदय प्रताप चतुर्वेदी के साथ जिले के जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव भी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता का फीता काट उद्घाटन करने वाले डॉ उदय प्रताप चतुर्वेदी और जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव ने पहलवानों के बीच हाथ मिलवाकर दंगल का शुभारंभ किया। इस प्रतियोगिता में स्थानीय पहलवानों के साथ गैर जनपद और अन्य प्रांतों के पहलवानों ने भी हिस्सा लिया। यह कोई साधारण दंगल नहीं था, बल्कि शक्ति और शौर्य की एक ऐसी गाथा थी जहां हर दाँव पर लोगों की सांसें थम गईं और हर जीत पर जन सैलाब झूम उठा।
इस अवसर पर डॉ उदय प्रताप चतुर्वेदी ने विजेता और उपविजेता पहलवानों पर नकदी पुरस्कार की जमकर बारिश करते हुए इस बेहतरीन आयोजन कराने वाले समिति को 51 हजार रुपए की सहायता राशि भी प्रदान की। इस दौरान अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर में स्वस्थ मस्तिष्क का निर्माण होता है। कुश्ती की प्रतिभा को निखारने के लिए ग्रामीणांचलों में कुश्ती दंगल प्रतियोगिता का होना अति आवश्यक है।उन्होंने कहा कि कुश्ती देश की प्राचीन कला है जिसको बढ़ावा देने के लिए मैं स्वयं प्रतिबद्ध हूं। उन्होंने कहा कि इस पारंपरिक खेल को आगे बढ़ाने के लिए उनसे जो भी कुछ हो पाएगा वो करेंगे, पहलवानों को आधुनिक संसाधन मुहैया कराने के लिए वो प्रयास करेंगे जिससे हमारे पहलवान ओलम्पिक सहित अन्य प्रतियोगिताओं में अपना लोहा मनवा सकेंगे।