
संत कबीर नगर, 26 जून 2025 – आज माननीय जनपद न्यायाधीश महेंद्र प्रसाद चौधरी, जिलाधिकारी आलोक कुमार और पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने संयुक्त रूप से जिला कारागार संत कबीर नगर का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामानुज कनौजिया और जेल अधीक्षक कुलदीप सिंह भी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान, अधिकारियों ने जेल अस्पताल, बैरकों, मेस और पूरे जेल परिसर का गहन जायजा लिया। उन्होंने कैदियों से बातचीत कर उनकी समस्याओं और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
माननीय जनपद न्यायाधीश ने विशेष रूप से निर्देश दिया कि जेल के अंदर किसी भी प्रकार की प्रतिबंधित सामग्री न जाए। उन्होंने जेल परिसर और बैरकों की साफ-सफाई तथा भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। अधिकारियों ने सभी कारागार कर्मियों को निर्देशित किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और सही तरीके से करें।
निरीक्षण के क्रम में, माननीय जनपद न्यायाधीश, जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने जेल परिसर में नवनिर्मित ओपेन जिम का फीता काटकर उद्घाटन किया। इस ओपेन जिम से कैदियों को व्यायाम करने की सुविधा मिलेगी, जिससे उनके स्वास्थ्य में सुधार होगा।