संतकबीरनगर– “एक पेड़ माँ के नाम अभियान 2.0” के तहत पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देते हुए बस्ती कमिश्नर ने आज सदर तहसील के चंगेरा मंगेरा गांव स्थित समय माता मंदिर परिसर में वृक्षारोपण किया। इस अवसर पर उन्होंने पीपल और आम के पौधे लगाए और उपस्थित लोगों को पर्यावरण सुरक्षा का महत्वपूर्ण संदेश दिया।

अभियान के अंतर्गत कमिश्नर ने बताया कि यह पहल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने और भावी पीढ़ियों के लिए एक स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। उन्होंने वृक्षों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पेड़ न केवल हमें ऑक्सीजन प्रदान करते हैं बल्कि जलवायु परिवर्तन के प्रभावों को कम करने और जैव विविधता को बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
समय माता मंदिर परिसर में पीपल और आम जैसे पारंपरिक और उपयोगी वृक्षों का रोपण कर उन्होंने स्थानीय समुदाय को भी ऐसे कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि वे अपने आस-पास अधिक से अधिक पेड़ लगाएं और उनकी देखभाल करें, ताकि एक हरा-भरा और स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके। इस दौरान कई स्थानीय अधिकारी और ग्रामीण भी उपस्थित रहे, जिन्होंने कमिश्नर के इस प्रयास की सराहना की।