
संतकबीरनगर के माधव प्रसाद त्रिपाठी राजकीय महिला महाविद्यालय में पहुंची जिले की प्रभारी मंत्री श्रीमती विजय लक्ष्मी गौतम ने ‘एक पेड़ मां के नाम 2’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इस दौरान हजारों पौधे लगाए गए, जिसका मुख्य उद्देश्य जिले और प्रदेश को हरा-भरा बनाना है। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पिछले साल राज्य सरकार ने करोड़ों पौधे लगाए थे और इस साल भी इस अभियान के तहत 37 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि अकेले संतकबीरनगर जिले में 30 लाख से अधिक पौधे लगाए जाएंगे।
मंत्री ने वन महोत्सव के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि धरती को हरा-भरा रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि हमारे पूर्वजों ने पौधे लगाए थे और आने वाली पीढ़ियों के लिए पौधारोपण करना अत्यंत आवश्यक और हम सबकी नैतिक जिम्मेदारी है।” उन्होंने जन जागरूकता अभियान चलाने और अधिक से अधिक लोगों को वृक्षारोपण से जोड़ने का आह्वान किया। उन्होंने नागरिकों और मीडिया कर्मियों से अपील की कि यह हम सभी का नैतिक कर्तव्य है कि हम कम से कम एक-एक पौधा अवश्य लगाएं, चाहे वे फलदार हों या औषधीय पौधे।