अस्पताल और ब्लॉक के बगल में लगा है कचरे का ढेर मरीजो और फरियादियों को भारी दुर्गंध का करना पड़ रहा सामना बीमारी का सता रहा डर
सेमरियावां।संतकबीरनगर
सेमरियावां चौराहे पर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बगल में व ब्लॉक के सामने सड़क किनारे भारी मात्रा में कचरे का अंबार लग गया है। इससे अस्पताल आने-जाने वाले मरीजों, तीमारदारों और ब्लॉक पर आने वाले फरियादियों व राहगीरों को भारी दुर्गंध और गंदगी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कई दिनों से यहां नियमित रूप से कचरा नहीं उठाया जा रहा है। जगह-जगह पॉलिथीन, सड़ी-गली सब्जियां, प्लास्टिक और घरेलू कचरे का ढेर लगा है। जिससे मच्छर और मक्खियों की भरमार हो गई है और डेंगू-मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
अस्पताल के पास गंदगी होने से मरीजों के स्वास्थ्य पर भी बुरा असर पड़ रहा है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि एक तरफ स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर करने की बात की जाती है, वहीं दूसरी तरफ अस्पताल के बगल में ही सफाई व्यवस्था नहीं होने से ब्लॉक से जहां स्वच्छता का पाठ पढ़ाया जाता वहीं पर साफ-सफाई की व्यवस्था चरमरा गई है।
स्थानीय निवासी रिजवान मुनीर, अबूजर चौधरी, संतोष प्रजापति आदि का कहना है यहां अस्पताल और ब्लॉक पर, रोजाना सैकड़ों से अधिक लोग आते हैं लेकिन चौराहे पर सफाई की कोई व्यवस्था नहीं है। कूड़ा हफ्तों तक पड़ा रहता है। इस सम्बन्ध में सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) दीप श्रीवास्तव ने कहा कि मामले की जानकारी नहीं है
जल्द ही कचरे को हटवाकर समस्या का समाधान करा दिया जायेगा।