विकास खंड सेमरियावा क़े जातेडीहा दुबौलिया का मामला
सेमरियावा।
ब्लॉक के ग्राम जातेडीहा दुबौलिया की रहने वाली सोमैया खातून ने ग्राम पंचायत सचिव पर गंभीर आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी व डीपीआरओ सहित सहायक विकास अधिकारी पंचायत सेमरियावां से
शिकायत की है कि बिना किसी वैध कारण के उसका नाम परिवार रजिस्टर से हटा दिया गया है। जबकि वह स्वर्गीय जुबेर अहमद की पहली पत्नी रेहाना खातून से जन्मी संतान है। मामले को गंभीरता से लेते हुए एडीओ पंचायत दीप श्रीवास्तव ने तीन सदस्यीय जांच समिति गठित करते हुए 15 दिन के अंदर रिपोर्ट तलब की है।
प्राप्त शिकायत के अनुसार, सोमैया खातून की मां रेहाना खातून और पिता जुबेर अहमद के बीच विवाह के बाद तलाक हो गया था। सोमैया खातून अपने माता-पिता की इकलौती संतान हैं। तलाक के बाद भी उसका नाम परिवार रजिस्टर भाग-1 में विधिवत दर्ज था। शिकायतकर्ता के अनुसार, वर्ष 2022 में उसका नाम बिना किसी सूचना या कारण बताए परिवार रजिस्टर से हटा दिया गया। इस अनियमितता को लेकर सोमैया ने ब्लॉक और जिला स्तर पर कई बार लिखित शिकायतें दीं, लेकिन अब तक न तो उसका नाम बहाल किया गया और न ही यह बताया गया कि आखिर उसका नाम रजिस्टर से किसने और क्यों हटाया। सोमैया ने जिलाधिकारी से न्याय की गुहार लगाते हुए पंचायत सचिव के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
विकास खंड सेमरियावां के एडीओ पंचायत दीप श्रीवास्तव ने प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए तीन सदस्यीय टीम गठित कर 15 दिन के भीतर जांच रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए हैं।