संतकबीरनगर में शिकायतों के निपटारे में लापरवाही बरतने वाले सरकारी अधिकारियों पर जिलाधिकारी आलोक कुमार का डंडा चला है। IGRS पोर्टल पर मिली शिकायतों को गंभीरता से न लेने और शिकायतकर्ताओं को संतुष्ट न करने के कारण 9 अधिकारियों के अगस्त महीने के वेतन पर रोक लगा दी गई है। वहीं, 12 अन्य अधिकारियों को चेतावनी जारी की गई है।
जिलाधिकारी ने बताया कि बार-बार निर्देश देने के बावजूद अधिकारियों का रवैया उदासीन था, जिसके कारण यह सख्त कदम उठाना पड़ा। वेतन रुकने वाले अधिकारियों से तीन दिन के भीतर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्हें यह बताना होगा कि उन्होंने लंबित शिकायतों के समाधान के लिए क्या किया और भविष्य में वे क्या सुधार करेंगे। जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की शिकायतों को अब हल्के में लेने वाले जिम्मेदारों के बख्शा नहीं जाएगा।