संतकबीरनगर पुलिस की एक अनोखी पहल उस वक्त सामने आई जब पुलिस ने स्कूली छात्राओं से रक्षाबंधन बंधवाकर नारी सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश दिया। रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पुलिस अधीक्षक कार्यालय और कोतवाली पुलिस ने एक अनूठी पहल करते हुए सरस्वती विद्या मंदिर खलीलाबाद की छात्राओं के साथ यह विशेष त्योहार मनाया। इस कार्यक्रम में छात्राओं ने पुलिसकर्मियों को राखी बांधी और बदले में पुलिस ने उन्हें उपहार प्रदान किए साथ ही सुरक्षा और सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण संदेश दिया। इस दौरान पुलिस ने छात्राओं को मिशन शक्ति कार्यक्रम के तहत चलाए जा रहे विभिन्न महिला सशक्तिकरण प्रयासों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पुलिस ने उन्हें आश्वस्त किया कि उनकी सुरक्षा और सम्मान के लिए पुलिस सदैव तत्पर है। छात्राओं को रक्षाबंधन के महत्व और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के बारे में बताते हुए पुलिस ने छात्राओं को अपने सपनों को पूरा करने और समाज में सकारात्मक योगदान देने के लिए भी प्रेरित किया।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी धनघटा प्रियम राजशेखर पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी प्रशिक्षु अमित कुमार सहित कई अन्य अधिकारी और कर्मचारीगण उपस्थित रहे।