संतकबीरनगर जिले के पूर्व सपा जिलाध्यक्ष रामवृक्ष यादव के खिलाफ दर्ज हुए मुकदमे के बाद से ही सपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश है। कैबिनेट मंत्री डॉ संजय निषाद के बेटे पूर्व सांसद प्रवीण निषाद की शिकायत पर पूर्व जिलाध्यक्ष रामवृक्ष यादव के खिलाफ दर्ज मुकदमे के बाद सपा नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही है। इसी कड़ी में जिला बचाओ आंदोलन में पूर्व सासंद स्व० भालचंद यादव के साथ कदमताल करने वाले वरिष्ठ नेता नित्यानंद यादव ने भी इस मामले में अपनी कड़ी प्रतिक्रिया दी है। वरिष्ठ नेता नित्यानंद यादव ने पूर्व जिलाध्यक्ष रामवृक्ष यादव पर दर्ज मुकदमे को सीधे तौर पर सत्ता का दुरुपयोग बताया है। नित्यानंद यादव का कहना है कि पुलिस ने सत्ता के दबाव में झुककर यह गलत कार्यवाही की है। सपा के वरिष्ठ नेता नित्यानंद ने बुलंद आवाज़ में कहा, “मुकदमों से नहीं डरते संघर्षों की कोंख से जन्मे सपाई।” उन्होंने साफ कर दिया कि सपाई योद्धा पूर्व जिलाध्यक्ष के साथ चट्टान की तरह खड़े हैं, और जरूरत पड़ने पर यह लड़ाई आर-पार की होगी।