उत्तर प्रदेश सरकार के “मिशन शक्ति फेज-5.0” के तहत संतकबीरनगर में बालिका सुरक्षा अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में आज ग्राम उड़सरा पंचायत भवन में शाहजहां गर्ल्स इंटर कॉलेज के सहयोग से एक विशेष कार्यक्रम आयोजित हुआ जिसमें महिलाओं और बालिकाओं को उनके हक में सरकार द्वारा चलाई जा रही नीतियों और कानूनों के संबंध में जानकारी दी गई। आपको बता दें कि पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार महिलाओं और बच्चियों के प्रति छेड़छाड़ व यौन उत्पीड़न रोकने के उद्देश्य से पिंक बूथ द्वारा यह अभियान चलाया गया। महिला उपनिरीक्षक अंजली सरोज, आरक्षी विमला यादव, अदिति, पुनीता, सीमा, और परिवार काउंसलर मो. रफ़ितुल्लाह अंसारी ने कार्यक्रम का संचालन किया।
पिंक बूथ प्रभारी अंजली सरोज ने पिंक बूथ के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला, जबकि आरक्षी विमला यादव ने 1090, 181, 112, 1076, 1098, 108, 102, और 1930 (साइबर हेल्पलाइन) जैसे आपातकालीन नंबरों की जानकारी दी। काउंसलर रफातुल्लाह अंसारी ने पारिवारिक समस्याओं, शैक्षणिक जागरूकता और जीवन की चुनौतियों पर मार्गदर्शन दिया।
इस दौरान एक चौपाल का भी आयोजन किया गया जहाँ महिलाओं और बालिकाओं को मिशन शक्ति और आत्मरक्षा के बारे में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई। कार्यक्रम में कॉलेज के प्रधानाचार्य अब्दुल मतीन खान, प्रधानाचार्या साजिदा खातून, ग्राम प्रधान हस्बुन्निशा सहित कई गणमान्य व्यक्ति और ग्रामीण उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन श्री अर्जुन प्रसाद जी ने किया।
