
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह व पुलिस अधीक्षक सोनम कुमार की अध्यक्षता में सदर कोतवाली थाना में समाधान दिवस/थाना दिवस का आयोजन किया गया। प्रदेश सरकार के मंशानुरूप समाधान दिवस/थाना दिवस में आये हर फरियादियों की समस्याओं को गम्भीरता से सुना जाये और समय सीमा के अन्तर्गत उनका निस्तारण भी सुनिश्चित किया जाए ताकि फरियादियों को इधर-उधर अपनी समस्याओं को लेकर भटकना न पड़े। शिकायतों के निस्तारण के गुणवत्ता की जॉच अब फरियादियो के मोबाइल पर बात कर की जायेगी। यदि निस्तारण में फर्जीवाड़ा अथवा लापरवाही पायी जाती है तो निस्तारण करने वाले अधिकारी/कर्मचारियों के खिलाफ कार्यवाही की जायेगी। उक्त आशय के निर्देश कोतवाली खलीलाबाद में आयोजित समाधान दिवस/थाना दिवस में फरियादियों की समस्याओं को सुनकर उनका निस्तारण करने के दौरान जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने व्यक्त किया। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि थाना समाधान दिवस में आयी जमीनी विवादों की शिकायतों को सूचीबद्ध किया जाए तथा राजस्व और पुलिस द्वारा गठित टीम मौके पर जाकर बिना किसी पक्षपात के उन शिकायतों का समयावधि के अंदर उनका निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि फरियादियों को बार-बार अपनी शिकायतों को लेकर इधर-उधर भटकना न पड़े। उन्होने यह भी निर्देश दिया कि बालिकाओं/महिलाओं की शिकायतों का मौके पर जाकर प्राथमिकता से निस्तारण किया जाए। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सोनम कुमार ने कहा कि समाधान दिवस में आई छोटी-बड़ी सभी शिकायतों को सूचीबद्ध कर रजिस्टर में दर्ज किया जाए। इस अवसर पर नायब तहसीलदार विजय गुप्ता, थानाध्यक्ष, राजस्व निरीक्षकगण, लेखपालगण सहित फरियादीगण आदि उपस्थित रहे।