
संतकबीरनगर। जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह के कुशल मार्गदर्शन में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजनान्तर्गत जनपद मुख्यालय स्थित शगुन मैरेज हाल (मुखलिसपुर रोड, प्रभा देवी महाविद्यालय के बगल) में 290 जोड़ो का विवाह धार्मिक रीति रिवाज के अनुसार सकुशल सम्पन्न कराया गया। जिसमें तहसील धनघटा, मेंहदावल एवं खलीलाबाद से सामान्य के 10, अनुसूचित जाति के 182 एवं अन्य पिछड़ा वर्ग के 75 जोड़ों का धार्मिक रीति रिवाज के अनुसार विवाह निर्धारित कार्यक्रम/समय के अनुसार दो पालियों में सम्पन्न कराया गया। जिसमें प्रथम पाली में 170 एवं द्वितीय पाली में 120 जोड़ो का विवाह सकुशल सम्पन्न कराया गया। सामूहिक विवाह में दाम्पत्य सूत्र में बधने वाले नवयुगलों को लैगिंक समानता की शपथ भी दिलाई गयी। इस सामूहिक विवाह कार्यक्रम में विधायक मेंहदावल अनिल त्रिपाठी, विधायक धनघटा गणेश चौहान. जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह, पुलिस अधीक्षक सोनम कुमार, मुख्य विकास अधिकारी अतुल मिश्र सहित सभी अतिथियों ने नवदम्पत्तियों को अशीर्वाद देते हुए सुखद वैवाहिक जीवन की मंगल कामना की। विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी ने नवदम्पत्तियों को आशीर्वाद एवं उनके सुखद दाम्पत्य जीवन की शुभकामनाएं देते हुये कहा कि सरकार विभिन्न योजनाओं के माध्यम से जरुरतमंदों का जीवन स्तर बेहतर बनाने के लिये निरंतर प्रयासरत है। विधायक गणेश चौहान ने वर वधू के सुखद, सफल एवं स्वस्थ जीवन की शुभकामनायें देते हुये कहा कि मुख्यमंत्री की महत्वाकांक्षी योजनाओं में से एक मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों के बेटियों की शादियां पूरे सम्मान एवं धार्मिक विधिविधान के साथ करायी जा रही हैं। सामूहिक विवाह कार्यक्रम समारोह में जिलाधिकारी प्रेम रंजन सिंह ने जिला प्रशासन द्वारा सामूहिक विवाह कराने हेतु बनाई गयी चाक-चौबन्द व्यवस्था पर संतोष व्यक्त करते हुए मुख्य विकास अधिकारी अतुल मिश्र, जिला समाज कल्याण् अधिकारी महेन्द्र कुमार एवं कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।