- दिवंगत प्रबंधक को श्रद्धांजलि, 15 अगस्त पर तिरंगा फहराने का आह्वान
संतकबीरनगर। जिले में गुरुवार को उत्तर प्रदेश विद्यालय प्रबंधक महासभा की एक महत्वपूर्ण बैठक मेंहदावल तहसील के प्रबंधकों के लिए आयोजित की गई। यह बैठक आदर्श इंटर कॉलेज कुसुरू के प्रबंधक आनंद कुमार पांडे के आवास मुड़ीला में संगठन के जिलाध्यक्ष जय सिंह की अध्यक्षता में हुई।
बैठक का संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष जय सिंह ने कहा कि बैठक का मुख्य उद्देश्य संगठन को मजबूत करना और प्रबंधन से संबंधित समस्याओं के समाधान पर विचार-विमर्श करना था। इसके अतिरिक्त, आगामी 15 अगस्त के स्वतंत्रता दिवस पर्व को सभी विद्यालयों में धूमधाम से मनाने पर भी चर्चा की गई।
इस अवसर पर, रामकृष्ण परमहंस इंटर कॉलेज, मुख्लिसपुर के प्रबंधक कृष्णचंद्र सिंह के आकस्मिक निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया गया। जनपद के सभी प्रबंधकों ने उनके निधन को एक बड़ी क्षति बताया। बैठक में दिवंगत कृष्णचंद्र सिंह की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई।बैठक में प्रमुख रूप से जिलाध्यक्ष जय सिंह, सतीश चंद्र त्रिपाठी, राधे बाबू, राजू कसेरा, संदीप पाठक, विनोद तिवारी, रविशंकर पांडे और रामचंद्र शुक्ल , सुरेश चंद्र यादव, अजीत नाथ मिश्रा, अभ्युदय प्रकाश पाण्डेय, संदीप कुमार उर्फ रिंकू सहित कई अन्य प्रबंधक उपस्थित रहे।