संतकबीरनगर। मेंहदावल विधानसभा क्षेत्र के हालिया घटनाक्रम को लेकर समाजवादी पार्टी ने प्रशासनिक कार्रवाई के खिलाफ अपना तेवर और कड़ा कर दिया है। पूर्व एमएलसी बस्ती एवं सपा मुखिया के करीबी माने जाने वाले संतोष यादव ‘सनी’ ने जिला कारागार खलीलाबाद पहुंचकर जेल में बंद जिला पंचायत सदस्य विश्वकेतु यादव, धर्मेंद्र यादव, अशोक यादव और जितेंद्र यादव से मुलाकात की। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि इस पूरे मामले में पार्टी उनके साथ मजबूती से खड़ी है।
सनी ने आरोप लगाया कि पार्टी कार्यकर्ताओं को राजनीतिक प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं और उनके परिजनों के मान-सम्मान तथा स्वाभिमान की लड़ाई में समाजवादी पार्टी पीछे नहीं हटेगी। जेल में मुलाकात के बाद उन्होंने संबंधित परिजनों से भी मुलाकात कर उन्हें हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
सनी के मुताबिक, सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव स्वयं पूरे मामले की प्रगति पर नजर रख रहे हैं और लगातार जानकारी ले रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी स्तर से कानूनी एवं राजनीतिक मोर्चे पर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।
पूर्व एमएलसी ने कहा कि समय हमेशा एक जैसा नहीं रहता और मौजूदा घटनाक्रम का राजनीतिक असर आगे दिखाई देगा। उन्होंने चेतावनी भरे अंदाज में कहा कि “जुल्म उतना ही करो, जितना सह सको।”
सनी का यह बयान ऐसे समय आया है जब संतकबीरनगर में सपा कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी को लेकर पार्टी और प्रशासन के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हैं। उन्होंने अंत में “जय भीम, जय समाजवाद, जय संविधान” का नारा देते हुए कार्यकर्ताओं के साथ खड़े रहने का संदेश दिया।