डीएम से सड़क-बिजली व शौचालय की मुकम्मल व्यवस्था की मांग…..!!
संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के अगया में होने वाले 14वें उर्स की तैयारियों के बीच जायरीनों की सहूलियत और आम लोगों की दुश्वारियों को लेकर ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि मुमताज अहमद ने जिलाधिकारी को पत्र भेजकर जरूरी इंतजाम मुकम्मल कराने की मांग की है। मुमताज अहमद ने अपने पत्र में कहा है कि 12 और 13 अक्टूबर 2026 को प्रस्तावित दो दिवसीय उर्स में प्रदेश ही नहीं, बल्कि दूसरे राज्यों से भी बड़ी तादाद में जायरीन पहुंचेंगे। ऐसे में बुनियादी सहूलियतों का पहले से इंतजाम होना जरूरी है।
पत्र के मुताबिक गोवा, दिल्ली, बंगाल, बिहार और महाराष्ट्र समेत विभिन्न स्थानों से सूफी-संत की दरगाह पर अकीदतमंदों के पहुंचने की उम्मीद है। कार्यक्रम स्थल पर प्रशासन की ओर से कई इंतजाम किए जा चुके हैं, लेकिन बोहरापार से अगया होते हुए दशावा मार्ग का क्षतिग्रस्त हिस्सा अभी भी चिंता का सबब बना हुआ है।
मुमताज अहमद ने जिलाधिकारी से इस रास्ते की फौरी तौर पर मरम्मत कराने की गुजारिश की है, ताकि उर्स में आने वाले जायरीनों को आवागमन में किसी तरह की परेशानी न उठानी पड़े। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल पर मोबाइल शौचालय/वॉशरूम, बिजली और अन्य जरूरी सहूलियतों को दुरुस्त कराने की भी मांग की गई है।
मुमताज अहमद का कहना है कि वक्त रहते इंतजाम मुकम्मल हो जाएं तो उर्स में आने वाले मेहमानों का बेहतर इस्तकबाल होगा और इलाके की भी खूबसूरती बढ़ेगी।
