संतकबीरनगर। शारदीय नवरात्र के प्रथम दिन ऐतिहासिक समय माता मंदिर में श्रद्धा और भक्ति का माहौल रहा। पूर्व लोकसभा प्रत्याशी एवं सपा नेता रोहित पांडे ने मां भगवती के दरबार में विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर जनपदवासियों की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
पूजन-दर्शन के उपरांत उन्होंने मंदिर परिसर में मौजूद पुरोहितों, आचार्यों और जरूरतमंद गरीबों को अपनी श्रद्धानुसार नकदी एवं आर्थिक सहायता वितरित की। उनके इस सेवा कार्य ने नवरात्र के पावन अवसर पर आस्था के साथ सेवा और परोपकार का संदेश दिया।
इस दौरान मंदिर कमेटी के सदस्यों एवं पुजारियों ने उन्हें चुनरी ओढ़ाकर और प्रसाद भेंट कर सम्मानित किया। स्थानीय नागरिकों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने भी उनका स्वागत किया।
इस अवसर पर सपा नेता रोहित पांडे ने कहा कि मां समय माता का दरबार जनपद की आस्था का प्रमुख केंद्र है। नवरात्र में जरूरतमंदों की सेवा करना भी सच्ची पूजा का एक महत्वपूर्ण भाव है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु, सपा कार्यकर्ता और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
